फारबिसगंज (अररिया) : 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा में संदीक्षा अध्यक्षा पुष्पा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में सोमवार को संदीक्षा सदस्यों के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एकदिवसीय ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को त्वचा की देखभाल, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप तथा सौंदर्य प्रसाधनों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग से संबंधित विभिन्न तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
इस अवसर पर पुष्पा गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार के अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में संदीक्षा उपाध्यक्षा मीनाक्षी कुमारी सहित अन्य संदीक्षा सदस्य भी उपस्थित रहीं।

















