चंडीगढ़, 13 जुलाई : बैडमिंटन क्लब-23 द्वारा शनिवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-23ए, चंडीगढ़ में 35वीं बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए आकर्षक मुकाबले प्रस्तुत किए।
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में नीरज सिंह एवं प्रीतपाल सिंह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक तीन सेटों में बिक्रमजीत सिंह एवं मनु उम्मत की जोड़ी को 19-21, 21-18 और 21-16 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
इसी प्रकार 30 से 50 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में गौरव सैनी एवं विभोर कालरा की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए इंदरप्रीत सिंह एवं सतपाल डागर की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 21-20, 19-21 और 21-8 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में आयोजन समिति ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के साथ सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। समिति ने बताया कि बैडमिंटन क्लब-23 द्वारा आयोजित 36वीं बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर 2026 (द्वितीय शनिवार) को किया जाएगा।
प्रतियोगिता का समापन आपसी भाईचारे, खेल भावना तथा सामुदायिक एकता के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

















