• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जोगबनी में हवाई हमले से बचाव को लेकर हुआ मॉकड्रिल
Image

अररिया/ जोगबनी में हवाई हमले से बचाव को लेकर हुआ मॉकड्रिल

जोगबनी (अररिया) : सीमावर्ती क्षेत्र जोगबनी में गुरुवार की शाम प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से हवाई हमले की आपात स्थिति से बचाव एवं नागरिक सुरक्षा जागरूकता को लेकर विशेष मॉकड्रिल आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत थाना क्षेत्र के सभी जगहों पर शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक ब्लैकआउट रखने का प्रयास किया गया । जोगबनी पुलिस द्वारा इस ब्लैकआउट से पूर्व और इसकी समाप्ति पर लगातार गश्त किया गया ।

मॉकड्रिल का उद्देश्य लोगों को ब्लैकआउट, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना था। प्रशासन द्वारा पहले से ही लोगों को इसकी जानकारी दे दी गई थी, जिससे आमजन में किसी प्रकार की अफवाह या भय की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

अभ्यास के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया। इनमें ICP, BCP, नगर परिषद क्षेत्र, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा मीरगंज पुल के नीचे का इलाका प्रमुख रूप से शामिल रहा। सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पु0नि0 सह थानाध्यक्ष महादेव कामत ने बताया कि यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने और लोगों को संभावित आपात परिस्थितियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मॉकड्रिल से आम जनता में जागरूकता बढ़ती है तथा संकट की स्थिति में प्रशासन को बेहतर सहयोग मिल पाता है।

पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि भविष्य में भी इस प्रकार के सुरक्षा अभ्यासों में सहयोग करें तथा ब्लैकआउट एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।

जोगबनी के इस ब्लैकआउट में विशेष रूप से DRDA (NEP), अररिया के निदेशक विमल कुमार और नगर परिषद, जोगबनी के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *