• Home
  • अंतरराष्ट्रीय
  • बिराटनगर/ प्रेम प्रसंग में युवती ने की आत्महत्या : आरोपी युवक फरार
Image

बिराटनगर/ प्रेम प्रसंग में युवती ने की आत्महत्या : आरोपी युवक फरार

लड़की के परिजनों ने लगाया धोखा और प्रताड़ना का आरोप

बिराटनगर (नेपाल) : भारत- नेपाल सीमा से सटे नेपाल के रानी बिराटनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय युवती पूजा कुमारी द्वारा की गई आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी का पिछले लगभग पांच वर्षों से राजविराज निवासी राजेश यादव के साथ प्रेम संबंध था। बताया जाता है कि राजेश उस दौरान विराटनगर में पढ़ाई कर रहा था और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। यहां तक कि लड़की के परिवार ने युवक की पढ़ाई- लिखाई में आर्थिक सहयोग भी किया था।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल के दिनों में युवक का व्यवहार बदल गया था। कथित तौर पर वह पूजा से दूरी बनाने लगा था, जिससे युवती मानसिक तनाव में चली गई। आरोप है कि युवक ने उसे धोखा दिया, जिसके चलते वह गहरे अवसाद में थी।

घटना वाले दिन अर्थात 14 अप्रैल 2026 के दिन भी पूजा और राजेश के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें आत्महत्या जैसे कदम का जिक्र होने की बात सामने आई है। इसके बाद पूजा ने अपने घर के कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन और पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला, जहां युवती का शव लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

मृतका के परिवार में माता-पिता, एक बड़ी अविवाहित बहन, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजेश यादव घटना के बाद नेपाल से भागकर दिल्ली चला गया है।

परिवार ने सरकार से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। वहीं, स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के पैतृक गांव एवं अन्य क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू कर दी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *