• Home
  • दिल्ली
  • नई दिल्ली/ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी से की सम्मान देने की मांग
Image

नई दिल्ली/ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी से की सम्मान देने की मांग

174 यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले पायलट को मिले ‘अशोक चक्र’!

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर 2026 : आसमान में मंडरा रहे संकट के बीच अपनी जान की परवाह किए बिना 174 यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग उठी है। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कैप्टन माछर को देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता सम्मान ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित करने पर विचार करने का आग्रह किया है।

गंभीर चोटों के बावजूद नहीं डिगे कदम

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मुंबई निवासी कैप्टन स्मित माछर फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के दौरान कथित तौर पर उनके को-पायलट ने उन पर हमला किया और विमान को हाईजैक करने का प्रयास किया।

हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। एक ओर कैप्टन माछर खुद गंभीर रूप से घायल थे, वहीं दूसरी ओर विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पीड़ा से ऊपर उठकर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।

‘साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरक मिसाल’

सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि संकट की घड़ी में कैप्टन माछर ने जिस साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया, वह भारतीयों के अदम्य हौसले और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है।

उन्होंने कहा कि गंभीर परिस्थितियों और अपनी व्यक्तिगत पीड़ा के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा के लिए डटे रहना कैप्टन माछर के असाधारण साहस और सेवाभाव को दर्शाता है।

राष्ट्रीय सम्मान से युवाओं को मिलेगा संदेश

कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि ऐसे साहसी व्यक्तित्व को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना केवल उनके पराक्रम का सम्मान नहीं होगा, बल्कि यह देश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का बड़ा संदेश होगा। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित माछर की वीरता पर हर भारतीय को गर्व है।

प्रधानमंत्री से ‘अशोक चक्र’ पर विचार का आग्रह

राज्यसभा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आग्रह किया है कि कैप्टन स्मित माछर के साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाए।

एक पायलट की बहादुरी ने 174 जिंदगियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा—अब उनके साहस को देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता सम्मान से नवाजने की मांग ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *