राष्ट्रीय गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे होने पर ‘नमामि भारत’ अभियान के तहत 15 प्रमुख स्थानों पर होगा सामूहिक गायन
राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया) : राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जोगबनी में 25 सितंबर को भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्या भारती के ‘नमामि भारत’ अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर विद्यार्थी, शिक्षक और आम नागरिक एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन राधा कृष्ण सरस्वती विद्या मंदिर, पटेलनगर, जोगबनी के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, सामूहिक गायन कार्यक्रम 25 सितंबर को सुबह 11 बजे निर्धारित स्थानों पर आयोजित होगा। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के शामिल होने की तैयारी है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन का उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रीय गीत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विद्या नंद मंडल एवं विद्यालय परिवार ने जोगबनी के नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है। उन्होंने लोगों से 25 सितंबर को सुबह 11 बजे अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर सामूहिक गायन में शामिल होने का आग्रह किया।
आयोजकों के अनुसार, देशभर में आयोजित किए जा रहे इस अभियान के क्रम में जोगबनी में भी व्यापक स्तर पर सामूहिक गायन आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से शहर के नागरिक इस विशेष अवसर पर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।

















