फारबिसगंज (अररिया), 23 सितंबर : फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मदारगंज, वार्ड संख्या 15 के झिरवा पुरवारी में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई आगजनी की घटना के बाद फारबिसगंज विधायक मनोज बिश्वास ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली।
बताया गया कि अग्निकांड में मो. जहीर, डोमा हजाम, तस्करी हजामत, मासूमात रफूलन एवं शहरें आलम के घर प्रभावित हुए हैं। आग लगने की घटना में परिवारों को काफी नुकसान हुआ है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक एवं अन्य परेशानियां उत्पन्न हो गई हैं।
विधायक मनोज बिश्वास ने प्रभावित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली तथा अपनी ओर से यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामले को रखा जाएगा।
विधायक ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
स्थानीय लोगों ने भी अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन से नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

















