पुनीत महाजन, चंडीगढ़
चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026 : सेक्टर-49 क्षेत्र में हाल ही में हुई गोली चलने की घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सेक्टर-49 डी थाना पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
थाना प्रभारी SHO शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाउसिंग बोर्ड मकानों के सामने आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई तथा वाहन चालकों से आवश्यक पूछताछ भी की गई।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। अचानक शुरू किए गए चेकिंग अभियान के चलते पूरे इलाके में पुलिस की सक्रियता दिखाई दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

















