नशे के खिलाफ युवाओं ने बुलंद की आवाज, विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प
चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026 : नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय् भारत चंडीगढ़ की ओर से शनिवार को देव समाज कॉलेज फॉर वीमेन, सेक्टर 45-बी, चंडीगढ़ में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत @2047 का लक्ष्य तभी साकार हो सकता है, जब देश की युवा शक्ति नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त होकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाए। युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया गया।
कॉलेज की ओर से प्राचार्या प्रो. डॉ. नीरू मलिक, सलाहकार डॉ. जसपाल कौर, डीन छात्र कल्याण राखी जे. सिंह, वाडा क्लब प्रभारी डॉ. सतिंदर कौर एवं डॉ. अनुपम तथा माय् भारत नोडल अधिकारी डॉ. सवकीरत कौर उपस्थित रहीं।
माय् भारत चंडीगढ़ की ओर से यूटी निदेशक शिवधन शर्मा, माय् भारत पंजाब की राज्य निदेशक रश्मीत कौर, लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक हरि प्रकाश तथा निर्मल सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
VBYLD 2027 से जुड़ने का दिया संदेश
कार्यक्रम में माय् भारत एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 को लेकर विशेष सत्र आयोजित किया गया। युवाओं को माय् भारत मंच के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों और राष्ट्र निर्माण में युवा भागीदारी के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को VBYLD 2027 की यात्रा से जोड़ने के लिए क्विज का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण माय् भारत स्वयंसेविका एवं यूथ आइकन मानशवी शर्मा रहीं। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों पर प्रभावी प्रस्तुति देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता सत्र और नशा मुक्त भारत की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं युवाओं ने स्वस्थ, जिम्मेदार और नशा मुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

















