अभिषेक भट्टाचार्य
वाराणसी, 10 सितंबर 2026 : हैप्पी मॉडल स्कूल, कुरहुआं शाखा में गुरुवार को पर्यावरण साक्षरता एवं गंगा संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। 137 सीईटीएफ, 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स एवं नमामि गंगे गंगा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया गया। सूबेदार देवेंद्र बसनेट एवं जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं ने गंगा को निर्मल बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने नृत्य के माध्यम से गंगा अवतरण की कथा को जीवंत किया। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सेना की ओर से नमामि गंगे की टी-शर्ट, टोपी एवं पौधे भेंट कर पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने एक स्वर में “हर हर गंगे, नमामि गंगे—नहीं रुकेंगे, हम स्वच्छ करेंगे” का उद्घोष किया। अभियान के दौरान लोगों से आह्वान किया गया कि जब भी वे गंगा किनारे जाएं, तो कम से कम एक कचरा उठाकर उसे कूड़ेदान में डालें। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का यह छोटा-सा प्रयास सामूहिक रूप से गंगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
विद्यालय की निदेशिका नीता सिंह ने कहा कि विद्यालय की ओर से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भागीदारी की जाती रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सहायक प्राचार्य धीरज कुमार गौड़, भूमिका शाही, मनीष कुमार राय, शेर बहादुर, डॉ. संतोष यादव, सुनील कुमार सिंह, आशीष सिंह, भीम सिंह, सुरेंद्र सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

















