• Home
  • नेपाल
  • बिराटनगर/ सेवा के 26 वर्ष पूर्ण : अब गाईघाट पहुंचेगा न्यूरो हॉस्पिटल का स्वास्थ्य अभियान
Image

बिराटनगर/ सेवा के 26 वर्ष पूर्ण : अब गाईघाट पहुंचेगा न्यूरो हॉस्पिटल का स्वास्थ्य अभियान

मिनी मैराथन के साथ लगेगा निःशुल्क बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, न्यूरो-कार्डियो और ENT विशेषज्ञ देंगे परामर्श

विराटनगर, 25 अगस्त 2026 : मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज के बीच स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने की दिशा में न्यूरो कार्डियो एंड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, विराटनगर ने अपनी 26 वर्ष की यात्रा को एक नए सामाजिक अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया है। अस्पताल की ओर से उदयपुर के गाईघाट में मिनी मैराथन और निःशुल्क बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि यह विशेष आयोजन 2083 साल भदौ 13 गते (29 अगस्त 2026, शनिवार) को होगा। कार्यक्रम में जहां मिनी मैराथन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा, वहीं स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न गंभीर एवं सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श की सुविधा दी जाएगी।

एक ही जगह कई विशेषज्ञ सेवाएं

गाईघाट में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर में न्यूरोसर्जरी, हृदय रोग तथा नाक-कान-गला (ENT) से संबंधित मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श ले सकेंगे। इसके अलावा आम नागरिकों के लिए ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच की व्यवस्था रहेगी तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

अस्पताल के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वार्षिकोत्सव मनाना नहीं बल्कि अस्पताल की विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को उन लोगों तक पहुंचाना है, जिन्हें किसी कारण से बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

26 वर्षों की यात्रा का उत्सव भी, आभार भी

न्यूरो हॉस्पिटल के 26वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर विराटनगर स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित समारोह में संस्थान के ऑपरेशनल डायरेक्टर राजेश भट्टराई, एकेडमिक डायरेक्टर एवं वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. नवीन कुमार कर्ण, मेडिकल डायरेक्टर एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विवेक कट्टेल, अस्पताल निदेशक डॉ. ऋतिक बिष्ट सहित वरिष्ठ चिकित्सक, विभाग प्रमुख एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से केक काटकर संस्थान की 26 वर्षों की उपलब्धियों और यात्रा को याद किया। इस दौरान अस्पताल से जुड़े चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने मरीजों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

‘अस्पताल से बाहर निकलकर समाज तक पहुंचने’ की पहल

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि 26वें वर्ष में प्रवेश का अवसर संस्था के लिए केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और व्यापक बनाने का अवसर भी है। इसी सोच के तहत इस बार वार्षिकोत्सव को अस्पताल परिसर से बाहर ले जाकर गाईघाट के आम नागरिकों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता और विशेषज्ञ सेवाएं पहुंचाने की पहल की गई है।

अस्पताल संचालक समिति एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने पिछले 26 वर्षों के दौरान न्यूरो हॉस्पिटल पर विश्वास बनाए रखने वाले मरीजों, उनके परिजनों, शुभचिंतकों तथा अस्पताल के कर्मचारी वर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अस्पताल ने उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से 2083 साल भदौ 13 गते (29 अगस्त 2026) को गाईघाट में आयोजित मिनी मैराथन में भाग लेने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *