• Home
  • क्रिकेट
  • मोहाली/ शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का लोगो हुआ सार्वजनिक : पंजाब के युवा क्रिकेटरों को मिलेगा बड़ा मंच
Image

मोहाली/ शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का लोगो हुआ सार्वजनिक : पंजाब के युवा क्रिकेटरों को मिलेगा बड़ा मंच

मुख्यमंत्री मान की दूरदर्शी पहल, राज्य में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में अहम कदम : मीत हेयर

नीतीश कुमार सिंह, चंडीगढ़

न्यू चंडीगढ़ (मोहाली, 3 अगस्त : पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने रविवार को न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के आधिकारिक लोगो का सार्वजनिक अनावरण किया। इस अवसर पर लीग की रूपरेखा, उद्देश्य और आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल तथा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में पंजाब के छह शहरों—अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा—का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे।

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि यह लीग पंजाब के युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर साबित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट को उत्कृष्ट खिलाड़ी देता आया है और इस लीग से भविष्य के कई नए सितारे सामने आएंगे। उन्होंने इस पहल के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देते हुए लीग की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इसका उद्देश्य पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलकर अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब ने लाला अमरनाथ, युवराज सिंह से लेकर शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और हरमनप्रीत कौर जैसे अनेक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर देश को दिए हैं और यह लीग इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

पीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सहयोग से यह महत्वाकांक्षी योजना साकार हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग पंजाब के क्रिकेट ढांचे को और मजबूत करेगी तथा युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी।

इस अवसर पर पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता तथा संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने सभी फ्रेंचाइजी मालिकों और प्रमुख खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में 9 अगस्त को होने वाली खिलाड़ी नीलामी (ऑक्शन) की भी घोषणा की गई। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 45 लाख रुपये का सैलरी पर्स दिया जाएगा। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये, आइकन खिलाड़ी का आधार मूल्य 1.50 लाख रुपये, प्रथम श्रेणी खिलाड़ी का 1 लाख रुपये, अंडर-23 खिलाड़ी का 75 हजार रुपये, अंडर-19 खिलाड़ी का 50 हजार रुपये तथा जिला स्तर के खिलाड़ी का आधार मूल्य 20 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक टीम में अधिकतम 20 खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकेगा।

पीसीए का मानना है कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग पंजाब के क्रिकेट ढांचे को नई मजबूती देने के साथ-साथ राज्य की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *