• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ 12 दिवसीय यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज इंडक्शन प्रोग्राम का हुआ भव्य समापन
Image

चंडीगढ़/ 12 दिवसीय यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज इंडक्शन प्रोग्राम का हुआ भव्य समापन

मानवीय मूल्यों से ही बनेंगे जिम्मेदार शिक्षक : डॉ. सपना नंदा

चंडीगढ़, 1 अगस्त : सेक्टर-20 डी स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 12 दिवसीय यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी) स्टूडेंट्स इंडक्शन प्रोग्राम का शुक्रवार को समापन हो गया। 20 जुलाई से 1 अगस्त तक चले इस कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों में नैतिक, सामाजिक और मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें मूल्य आधारित शिक्षा की अवधारणा से जोड़ना रहा।

समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना नंदा ने कहा कि एक सफल शिक्षक बनने के लिए केवल विषय का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके भीतर नैतिकता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का समावेश भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सीख को अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ शिक्षण कार्य में भी अपनाएं, ताकि वे समाज के लिए जिम्मेदार और प्रेरणादायी शिक्षक बन सकें।

समापन सत्र में यूएचवी विशेषज्ञ एवं इंडो ग्लोबल कॉलेज, मोहाली के प्रो. डॉ. विशाल कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि मानवीय मूल्य केवल सैद्धांतिक विषय नहीं हैं, बल्कि इन्हें दैनिक जीवन में व्यवहार के स्तर पर अपनाना ही वास्तविक शिक्षा का उद्देश्य है। उन्होंने जीवन में पारस्परिक विश्वास, सहयोग, कृतज्ञता और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मूल्य आधारित शिक्षा, समग्र विकास, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, मानवीय संबंध, जिम्मेदार नागरिकता, सहकारिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा संवादात्मक सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और चर्चाओं के जरिए जीवन में सही समझ और सकारात्मक सोच विकसित करने के महत्व को समझा।

इस इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन महाविद्यालय के यूएचवी सेल एवं पंजाब विश्वविद्यालय के यूएचवी सेल द्वारा यूजीसी और एआईसीटीई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन 20 जुलाई को महाविद्यालय के डीन डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ने किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा में यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज की आवश्यकता तथा समग्र शिक्षा के उद्देश्यों से परिचित कराया।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन डॉ. श्योजी सिंह, डॉ. वंदना अग्रवाल, डॉ. निशा सिंह, डॉ. रविंदर कुमार तथा पंजाब विश्वविद्यालय की डॉ. गरिमा जोशी ने किया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें जीवन तथा शिक्षण के प्रति अधिक सकारात्मक और जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *