ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा की ‘प्रबुद्धजन शिखर वार्ता’ में संविधान, शिक्षा और समानता पर होगा मंथन
चंडीगढ़ / आगरा, 25 जुलाई : सामाजिक न्याय, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजीकृत) की ओर से राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर 26 जुलाई को आगरा में राष्ट्रीय स्तर की ‘प्रबुद्धजन शिखर वार्ता’ आयोजित की जाएगी। यूथ हॉस्टल, एमजी रोड में दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविद, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और युवा भाग लेंगे।
महासभा के चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जयंती मनाना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर, शिक्षा और संविधान की मूल भावना पर सार्थक राष्ट्रीय संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा और अधिकारों से जोड़ने का जो अभियान शुरू किया था, वही आज भी समतामूलक भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर होंगे। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अमरीक सिंह बंगड़ उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे, जबकि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रीना गावस्कर वाल्मीकि मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखेंगी।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि आज जब समाज में समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है, ऐसे समय में यह शिखर वार्ता नई पीढ़ी को संविधान के आदर्शों से जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
उन्होंने देशभर के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई जनभागीदारी से ही मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, युवाओं की भूमिका, संवैधानिक अधिकार, सामाजिक परिवर्तन और समावेशी विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

















