जोगबनी (अररिया), 7 जून 2026 : राज्य अग्निशमन मुख्यालय के निर्देश पर अस्पतालों एवं नर्सिंग होम में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के क्रम में रविवार को जोगबनी स्थित भारत सिटी हॉस्पिटल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा प्रणाली तथा अन्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के उपरांत अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
निदेशक सह राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार के दिशा-निर्देश पर राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अररिया जिले में भी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में तथा प्रभारी अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी दीनानाथ प्रसाद की देखरेख में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण टीम में प्रधान अग्निक अमित कुमार, रंजीत कुमार, विवेक कुमार एवं सरूण कुमार सहित अन्य अग्निशमन कर्मी शामिल हैं। टीम द्वारा अररिया, फारबिसगंज एवं जोगबनी के विभिन्न अस्पतालों और नर्सिंग होम में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, उनके संचालकों एवं प्रबंधकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित संस्थानों को 5 से 7 दिनों के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन कर उसकी रिपोर्ट अग्निशमन कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि के भीतर निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।
अग्निशमन विभाग का कहना है कि हाल के दिनों में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से जिले में निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

















