• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ रक्षाबंधन पर पेड़ों को राखी बांधकर लिया संरक्षण का संकल्प : आदर्श बाल विद्यापीठ में हुआ ‘वृक्षबंधन’
Image

चंडीगढ़/ रक्षाबंधन पर पेड़ों को राखी बांधकर लिया संरक्षण का संकल्प : आदर्श बाल विद्यापीठ में हुआ ‘वृक्षबंधन’

चंडीगढ़, 26 अगस्त 2026 : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-47 सी स्थित आदर्श बाल विद्यापीठ के परिसर में ‘वृक्षबंधन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में मौजूद हरे-भरे पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण, उचित देखभाल तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में पेड़-पौधों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पेड़ों को राखी बांधी और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पी. दुर्गा शुभलक्ष्मी ने बताया कि जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय में पिछले पांच वर्षों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रहती है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से विद्यालय में ‘वृक्षबंधन’ के अलावा पर्यावरण पाठशाला और पर्यावरण प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही ने पर्यावरण संतुलन में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे एक स्वस्थ और मजबूत पेड़ बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पेड़ों के संरक्षण का संकल्प दिलाया।

फाउंडेशन के शिक्षण कार्य सह-प्रमुख प्रताप सिंह कौशल ने वृक्षबंधन कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की पर्यावरण जागरूकता मुहिम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय में शीघ्र ही 100वीं पर्यावरण पाठशाला का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पेड़ केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का लिया गया संकल्प पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *