अररिया, 27 अगस्त 2026 : जिले में निबंधन प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए लागू की गई पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था का गुरुवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने निरीक्षण किया। उन्होंने जिला निबंधन कार्यालय पहुंचकर पेपरलेस निबंधन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों से इससे जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में पेपरलेस रजिस्ट्री के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को नई व्यवस्था की सही जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि किसी तरह के भ्रम या अफवाह की स्थिति उत्पन्न न हो।
त्वरित और पारदर्शी सेवा देना उद्देश्य
जिलाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को निबंधन की त्वरित, सुगम और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था में आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं प्रविष्टि सुरक्षित डिजिटल माध्यम से निबंधन विभाग के प्लेटफॉर्म पर की जा रही है। आधार का ऑनलाइन सत्यापन भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति अथवा अफवाह पर ध्यान न दें। निबंधन की प्रक्रिया को सुरक्षित और प्रमाणिक बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
निबंधन के बाद मोबाइल पर मिलेगा डाउनलोड लिंक
निबंधन प्रक्रिया पूरी होते ही निबंधित दस्तावेज को डाउनलोड करने का लिंक संबंधित पक्षकारों के मोबाइल नंबर, WhatsApp एवं ई-मेल पर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही प्रस्तुतकर्ता को निबंधित दस्तावेज की रंगीन प्रति भी उपलब्ध कराई जा रही है।
दस्तावेज के प्रत्येक पृष्ठ के ऊपर दाहिनी ओर QR कोड अंकित रहता है। QR कोड स्कैन कर निबंधित दस्तावेज का विवरण ऑनलाइन देखा जा सकता है। इससे दस्तावेज की प्रमाणिकता की जांच भी आसान हो जाती है।
घर बैठे स्लॉट बुकिंग और डिजिटल भुगतान
नई व्यवस्था में नागरिक विभागीय पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार निबंधन के लिए टाइम स्लॉट बुक कर सकते हैं। स्टाम्प शुल्क एवं निबंधन शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों से किया जा रहा है।
निबंधन पूरा होने के बाद डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकता है। नागरिकों को पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया समझाने के लिए कार्यालय में टीवी स्क्रीन के माध्यम से पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की जा रही है।
हेल्प डेस्क से मिलेगा लोगों को सहयोग
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। खासकर दूर-दराज से आने वाले नागरिकों को तकनीकी प्रक्रिया समझने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ‘May I Help You’ काउंटर पर ऑपरेटरों के माध्यम से भी लोगों को पेपरलेस निबंधन से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
पेपरलेस निबंधन व्यवस्था से समय की बचत होगी और कागजी दस्तावेज लेकर कार्यालय आने की आवश्यकता कम होगी। पहचान एवं गवाह से संबंधित प्रक्रिया में भी नागरिकों को सुविधा मिलेगी। डिजिटल अभिलेख सुरक्षित रहने के कारण दस्तावेज के खोने या नष्ट होने की चिंता से राहत मिलेगी तथा दस्तावेज की प्रमाणिकता की जांच भी आसानी से की जा सकेगी।
इस अवसर पर जिला अवर निबंधक बृज बिहारी शरण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

















