पंच शिव मंदिर में हुआ जलाभिषेक
✍🏽 अभिषेक भट्टाचार्य
टेटरीबाजार (सिद्धार्थनगर), 24 अगस्त 2026 : सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर बोल बम जलाभिषेक आयोजन समिति के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में टेटरीबाजार में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री हनुमानगढ़ी मंदिर से हुई। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में नामचीन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव जागरण तथा भगवान शिव और माता पार्वती की जीवंत एवं आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पंच शिव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद धार्मिक आयोजन का समापन श्री सिंहेश्वरी देवी मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे के साथ हुआ। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन बोल बम जलाभिषेक आयोजन समिति के अध्यक्ष पिंगल जख्मी तथा जलाभिषेक आयोजन समिति के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर व्यापार संगठन के अध्यक्ष अजय कसौधन, प्रेस क्लब के अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, व्यापार संगठन के जिला महामंत्री भीम चंद कसौधन, संस्कार भारती के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता तथा संस्कार भारती के जिला सह महामंत्री धीरेन्द्र वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में नीरज श्रीवास्तव, शिवदत्त अग्रहरी, सुधीर पांडेय ‘फरसा बाबा’, सिद्धार्थ गौतम, राकेश दत्त तिवारी, श्रीधर पांडेय, हृदय राम वर्मा, राजा मिश्रा, हरिश्चंद्र वर्मा, प्रभात शुक्ला, नीलू रूका, ओंकार भोलेनाथ और अनिल सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
रजत जयंती वर्ष के इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

















