बेला सीमा क्षेत्र में एसएसबी की कार्रवाई, कस्टम विभाग फारबिसगंज को सौंपा जाएगा जब्त मुद्रा
नरपतगंज (अररिया), 8 अगस्त 2026: भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 59,000 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 1,30,000 नेपाली रुपये जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा की ‘डी’ समवाय बेला के कार्यक्षेत्र में गश्ती दल तैनात था। इसी दौरान बेला गांव के समीप सीमा स्तंभ संख्या 198/2 से भारत की ओर लगभग 50 मीटर की दूरी पर नेपाल से भारत की तरफ आ रहे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 59,000 रुपये भारतीय मुद्रा और 1,30,000 नेपाली रुपये बरामद किए गए।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चन्दन कुमार गुप्ता (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह लौकही वार्ड संख्या-03, थाना लौकही, जिला सुनसरी, नेपाल का निवासी बताया गया है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई मुद्रा एवं गिरफ्तार व्यक्ति के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मुद्रा को नियमानुसार कस्टम विभाग, फारबिसगंज, अररिया को सुपुर्द किया जाएगा।
56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बल लगातार सतर्कता और गश्त बढ़ाकर कार्रवाई कर रहा है। सीमा क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

















