अररिया (5 मई, 2026) : जिले में एलपीजी गैस की निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रशासनिक सख्ती के तहत मंगलवार को जिले की 15 गैस एजेंसियों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का स्पष्ट संदेश गया है।
प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में जिले में कुल 11,043 गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण को सुगम बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत के पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी इलाकों में नगर पंचायत और नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष: 06453-222309) लगातार कार्यरत है।
17 मार्च से 05 मई 2026 के बीच कुल 515 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 498 मामलों का समाधान कर दिया गया है। शेष 17 लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
तेल एवं गैस आपूर्ति से जुड़ी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी सुनिश्चित की गई है ।

















