चंडीगढ़ : नगर निगम के मनीमाजरा सब ऑफिस में नए ज्वाइंट कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभालने के बाद बलबीर राय सिंह (PCS) ने शुक्रवार को कार्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से संवाद स्थापित किया। इसी दौरान क्षेत्र की प्रमुख संस्था ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल, जिसकी अगुवाई प्रधान एसएस परवाना ने की, ने खास तौर पर मकानों की एनओसी (No Objection Certificate) जारी होने में हो रही देरी और जटिल प्रक्रियाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर स्टाफ पूरी ईमानदारी से काम कर रहा है, लेकिन उच्च प्रशासनिक शर्तों के कारण आम लोगों को एनओसी प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने ज्वाइंट कमिश्नर से मांग की कि इस समस्या का त्वरित समाधान निकाला जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उनका कहना था कि इस तरह की बाधाओं का समाधान उच्च स्तर पर हस्तक्षेप से ही संभव है।
इस पर ज्वाइंट कमिश्नर बलबीर राय सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि एनओसी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे सप्ताह में एक दिन स्वयं मनीमाजरा सब ऑफिस में बैठकर एनओसी से संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगे और लोगों की समस्याएं सीधे सुनेंगे।
इस मौके पर सब ऑफिस के सुपरिटेंडेंट डीपी सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में उपप्रधान सुभाष धीमान, रामभज शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (EWS रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) राजबीर सिंह भारतीय, रविकांत व्यास, अंक्ति अरोड़ा, पंकज शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

















