• Home
  • पंचकूला
  • पंचकूला/ धार्मिक-सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा हिंद संग्राम परिषद
Image

पंचकूला/ धार्मिक-सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा हिंद संग्राम परिषद

स्कूलों में योग और ट्रैफिक नियमों की शिक्षा के लिए केंद्र सरकार से मांग

पंचकूला, 29 सितंबर : हिंद संग्राम परिषद (रजि.) उत्तर भारत की महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-11, पंचकूला में परिषद के फाउंडर एवं समाजसेवी विक्रांत बाबाजी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, युवा जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी दिनों में विभिन्न जनहित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

परिषद के नॉर्थ जोन अध्यक्ष एडवोकेट जगपाल सिंह और संगठन महासचिव सुधीर मिड्ढा ने कहा कि स्वस्थ भारत और स्वच्छ भारत की दिशा में परिषद केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग को लिखित मांग भेजेगी। इसमें स्कूलों में योग के साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष पीरियड शुरू करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूली स्तर से ही यातायात नियमों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है। इससे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

परिषद के उपाध्यक्ष अवतार सैणी और सचिव डॉ. सीमा गुप्ता ने युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतन्य नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। परिवार, सामाजिक मूल्यों और संस्कारों से युवाओं को जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सलाहकार एडवोकेट दिनेश चतरथ, प्रेस सचिव हरकेश ऐरी और किशोर वर्मा ने बताया कि परिषद की ओर से गौ-ग्रास सेवा रथ को दोबारा शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अलावा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सेवा कार्यों और सामाजिक संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

वित्त सचिव निष्काम चतरथ, संगठन सचिव माता हर्ष वाला और अमित गोयल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पौधा शहीदों के नाम’ अभियान तथा त्रिवेणी पौधारोपण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में परिषद के सदस्यों के साथ उनके परिवारों को भी सहभागी बनाया जाएगा।

बैठक में सदस्यों एवं उनके परिवारों की सहभागिता से समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक आयोजन करने पर भी विचार किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने में सहयोग मिलेगा। इसके अलावा सदस्यों के लिए बसों के माध्यम से तीर्थयात्राओं के आयोजन पर भी चर्चा हुई, जिससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *