गया जी : बिहार के विकास, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से Let’s Inspire Bihar (LIB) के संस्थापक एवं IG, मगध रेंज विकास वैभव से LIB चंडीगढ़ चैप्टर के मुख्य समन्वयक एवं STOLZEL Automation Pvt. Ltd. के CEO डॉ. संतोष चौरसिया ने पिछले दिनों गया जी में खास मुलाकात की। इस अवसर पर LIB चंडीगढ़ चैप्टर के समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) नीतीश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान बिहार के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों, LIB के आगामी विस्तार तथा देश-विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों को LIB के व्यापक मिशन से जोड़ने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से बिहार के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में प्रवासी बिहारियों की विशेषज्ञता, अनुभव और नेटवर्क का प्रभावी उपयोग करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
डॉ. संतोष चौरसिया ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में LIB के माध्यम से बिहार मूल के लोगों को एक साझा एवं सक्रिय मंच से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ज्ञान-साझाकरण, मेंटरशिप, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से एक मजबूत एवं प्रभावी नेटवर्क तैयार करना है।
बैठक में Bihar Achievers, Professional Connect, Youth Leadership, Entrepreneurship Connect और Mentorship जैसी संभावित पहलों के माध्यम से चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में उपलब्ध प्रतिभा एवं विशेषज्ञता को बिहार के युवाओं और समाज से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
विकास वैभव ने LIB के उद्देश्यों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने तथा विभिन्न चैप्टरों के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा, नेतृत्व, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बिहार के विकास की यात्रा के महत्वपूर्ण आधार बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।
डॉ. संतोष चौरसिया ने कहा कि LIB का उद्देश्य बिहार के लोगों की प्रतिभा, अनुभव और क्षमता को समाजहित से जोड़ते हुए सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत करना है। देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत बिहार मूल के लोगों को एक-दूसरे से जोड़कर उनके अनुभव और विशेषज्ञता को बिहार के युवाओं तक पहुंचाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
उन्होंने कहा कि LIB चंडीगढ़ चैप्टर चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में शिक्षा, उद्योग, प्रशासन, रक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े बिहार मूल के लोगों को एक सकारात्मक मंच पर जोड़ने की दिशा में कार्य करेगा। इसका उद्देश्य विशेषज्ञों और युवाओं के बीच संवाद, मार्गदर्शन एवं सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करना है।
मुलाकात के दौरान LIB गया जी टीम के सुगंध राय एवं रिंकू के सहयोग की भी सराहना की गई। उन्होंने यात्रा के दौरान गया जी की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराने में सहयोग किया।
बैठक का समापन इस साझा संकल्प के साथ हुआ कि LIB को किसी एक व्यक्ति, शहर या चैप्टर तक सीमित न रखते हुए बिहार के सकारात्मक भविष्य के लिए सामूहिक सहभागिता का व्यापक मंच बनाया जाए। विभिन्न चैप्टरों की ऊर्जा, विशेषज्ञता और स्थानीय सहभागिता को एक-दूसरे से जोड़कर शिक्षा, नेतृत्व, उद्यमिता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में प्रभावी पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

















