चंडीगढ़ : बिहार की सकारात्मक छवि को देशभर में स्थापित करने, युवाओं को प्रेरित करने तथा शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “लेट्स इंस्पायर बिहार (LIB)” अभियान को अब चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र में और व्यापक रूप से सक्रिय करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस पहल के तहत विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रोफेशनल वर्गों को एक मंच से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
STOLZEL Automation Pvt. Ltd. के CEO एवं “लेट्स इंस्पायर बिहार” चंडीगढ़ चैप्टर के Coordinator डॉ. संतोष चौरसिया ने कहा कि LIB एक सकारात्मक सामाजिक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य बिहार की प्रतिभा, संस्कृति, शिक्षा एवं उपलब्धियों को नई पहचान देना है। उन्होंने कहा कि आज देश के विभिन्न हिस्सों में बिहार के हजारों विद्यार्थी, युवा प्रोफेशनल्स, शोधकर्ता और उद्यमी अपनी प्रतिभा से सफलता हासिल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें एक साझा प्रेरणादायी मंच से जोड़ने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला जैसे ट्राइसिटी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बिहार मूल के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी, प्रशासन, उद्योग एवं निजी क्षेत्रों में कार्यरत हैं। ऐसे में LIB के माध्यम से एक सकारात्मक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जहां लोग एक-दूसरे के अनुभवों, ज्ञान और सहयोग से लाभान्वित हो सकें।
डॉ. संतोष चौरसिया ने बताया कि आने वाले समय में LIB Chandigarh Chapter द्वारा करियर गाइडेंस सेमिनार, मोटिवेशनल सेशन, स्टूडेंट इंटरैक्शन प्रोग्राम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक जागरूकता अभियान एवं युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जरूरतमंद छात्रों के लिए शैक्षणिक सहायता एवं मेंटरशिप कार्यक्रम चलाने की भी योजना है।
उन्होंने कहा कि “बिहार केवल इतिहास और संस्कृति की धरती ही नहीं, बल्कि प्रतिभा, परिश्रम और संघर्ष की भी पहचान है। आज आवश्यकता इस बात की है कि बिहार की सकारात्मक कहानियों और उपलब्धियों को समाज के सामने प्रमुखता से लाया जाए। LIB इसी उद्देश्य के साथ लगातार कार्य कर रहा है।”
ज्ञात हो कि “लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान बिहार कैडर के चर्चित IPS अधिकारी विकास वैभव द्वारा प्रारंभ किया हुआ एक व्यापक सामाजिक अभियान है। विकास वैभव लगातार युवाओं को शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करते रहे हैं। उनके नेतृत्व एवं विचारों से प्रभावित होकर देश-विदेश में रहने वाले हजारों लोग इस मिशन से जुड़ रहे हैं।
LIB का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण करना, युवाओं को सही दिशा प्रदान करना तथा बिहार की नई पहचान को मजबूत करना है। अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सामाजिक सहयोग, महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार जागरूकता जैसे विषयों पर भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र में अभियान को मजबूती देने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं युवाओं से लगातार संवाद किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ठोस पहल की जा सके। आनेवाले दिनों में इस अभियान को लेकर चंडीगढ़ ट्राइसिटी में एक बहुत बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी ।

















