• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ सृजन एवं प्राचीन कला केंद्र द्वारा “भजन संध्या : एक शाम राधा-माधव के नाम” का किया गया भव्य आयोजन
Image

चंडीगढ़/ सृजन एवं प्राचीन कला केंद्र द्वारा “भजन संध्या : एक शाम राधा-माधव के नाम” का किया गया भव्य आयोजन

चंडीगढ़, 27 सितंबर : सृजन-एन इंस्टीट्यूट फॉर क्रिएटिविटी, चण्डीगढ़ और प्राचीन कला केंद्र के संयुक्त तत्त्वावधान में 26 सितंबर को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत “भजन संध्या—एक शाम राधा-माधव के नाम” का सफल आयोजन किया गया। सेक्टर-35 बी, चण्डीगढ़ स्थित प्राचीन कला केंद्र के एम.एल. कोसर ऑडिटोरियम में आयोजित इस संध्या में बड़ी संख्या में पहुंचे संगीत व भक्ति प्रेमियों ने राधा-माधव के सुमधुर भजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पवन कुमार गर्ग उपस्थित रहे, जबकि तरुणा भगतियार एवं मेहक अग्रवाल ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शिरकत की।

सृजन संस्था के अध्यक्ष सोमेश गुप्ता ने सभी अतिथियों व श्रोताओं का आत्मीय अभिनंदन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि संस्था पूर्व में ‘ग़ज़ल संध्या’ और ‘गीतों भरी शाम’ का सफल आयोजन कर चुकी है और इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए यह भजन संध्या आयोजित की गई है। मंच संचालन राजेश अत्रेय द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

भजन संध्या में प्राइम वोकलिस्ट एवं म्यूजिक डायरेक्टर सोमेश एवं उनके ग्रुप ने ‘सरस्वती वंदना’, ‘हे राम! हे राम!’, ‘मुझे चरणों से लगा ले’ और ‘अच्युतम केशवम् कृष्ण दामोदरम्’ जैसी भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। सोमेश गुप्ता ने एकल गायन में ‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो’ प्रस्तुत किया, वहीं जुगलबंदी में मीनू के साथ ‘लगन तुमसे लगा बैठे’, निधि के साथ ‘एक नजर कृपा की कर दो’ तथा तरुणा के साथ ‘माये री मैंने गोविंद लीन्हों मोल’ और ‘दरश बिन दुखन लागे नैन’ गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अलावा, मीनू ने एकल गायन में ‘म्हारो प्रणाम’ व ‘जमुना किनारे मोरा गाँव’ और सुप्रिया सेन गुप्ता ने ‘वो काला इक बाँसुरी वाला’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। कोरस गायन में रुचि कपूर, रमा गुप्ता, कीर्ति शर्मा, कवलजीत कौर, विजय सिंगला, राजिंदर गुलरिया, विवेक धामी और सी.पी. सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से सुर मिलाए।

संगीत संगत में कीबोर्ड पर रॉबिन गुलरिया, गिटार पर प्रतीक तथा तबले पर राजेश ने अपने वादन से भजनों में समां बांध दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सृजन की उपाध्यक्ष निर्मल सूद ने मुख्य अतिथियों, कलाकारों, आयोजकों और उपस्थित गणमान्य श्रोताओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *