• Home
  • अररिया
  • अररिया/ भारत-नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
Image

अररिया/ भारत-नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

नरपतगंज (अररिया), 8 सितंबर : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की शाम करीब 5:55 बजे सटीक सूचना के आधार पर एसएसबी की डी समवाय, बेला और बसमतिया थाना पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 198/2 के समीप भारतीय क्षेत्र के बेला गांव में घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

राजपत्रित अधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पारदर्शी प्लास्टिक में रखा संदिग्ध चिपचिपा पदार्थ बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में पदार्थ की पहचान ब्राउन शुगर के रूप में हुई, जिसका इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन से वजन प्लास्टिक सहित 21.16 ग्राम पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय राजू मंडल, पिता रामनारायण मंडल, निवासी बेला वार्ड संख्या 5, थाना बसमतिया, जिला अररिया के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरामद मादक पदार्थ को भारत से नेपाल पहुंचाने के लिए वाहक के रूप में ले जा रहा था। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार सक्रिय संभावित तस्करी नेटवर्क के संबंध में भी जांच में जुट गई हैं।

संयुक्त अभियान में एसएसबी की ओर से सहायक उप-निरीक्षक केल्हौलेली चातसु सहित चार कार्मिक, जबकि बिहार पुलिस की ओर से उप-निरीक्षक शिव शंकर पंडित सहित तीन पुलिसकर्मी शामिल थे।

बरामद ब्राउन शुगर की वीडियोग्राफी, जब्ती सूची और अन्य सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को जब्त मादक पदार्थ के साथ थाना बसमतिया को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।

भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी और बिहार पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी है।

1 Comments Text
  • ek77com says:
    Your comment is awaiting moderation. This is a preview; your comment will be visible after it has been approved.
    Really impressed with the variety of options here. Everything feels professional and the support team is super helpful. Give ek77com a try if you want a fair game.
  • Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *