मैट्रिक से MBA और B.Tech तक के युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
अररिया, 8 सितंबर : युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, अररिया की ओर से 9 सितंबर 2026 (बुधवार) को जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। मेला संयुक्त श्रम भवन, अररिया परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार मेले में बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से नियोजक भाग लेंगे। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। मैट्रिक, KYP, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, ITI, डिप्लोमा, B.Tech और MBA समेत विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता रखने वाले युवक-युवतियां इसमें भाग ले सकेंगे।
मेले में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को रोजगारपरक योजनाओं, करियर विकल्पों और व्यावसायिक मार्गदर्शन की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला नियोजनालय ने जिले के अधिक से अधिक योग्य बेरोजगार युवक-युवतियों से मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, अररिया से संपर्क कर सकते हैं।

















