• Home
  • अररिया
  • अररिया/ अररिया पुलिस ने म्युल अकाउंट के जरिए करोड़ों की ठगी का किया खुलासा : तीन आरोपी गिरफ्तार
Image

अररिया/ अररिया पुलिस ने म्युल अकाउंट के जरिए करोड़ों की ठगी का किया खुलासा : तीन आरोपी गिरफ्तार

अररिया, 19 अप्रैल 2026 : जिले में साइबर अपराध से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें म्युल अकाउंट के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन किए जाने का खुलासा हुआ है। इस मामले में अररिया साइबर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने शनिवार को प्रेसवार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 13 अप्रैल 2026 को तौकीर आलम के बैंक खाते में अवैध रूप से 19 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह राशि साइबर फ्रॉड के जरिए प्राप्त की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद बाबर (भगवानपुर, जोकीहाट), तबरेज आलम (काजी टोला, महलगांव) तथा सुनील कुमार झा (मदनपुर) शामिल हैं। ये तीनों आरोपी अररिया जिले के ही निवासी हैं।

जांच में सामने आया है कि ये आरोपी म्युल अकाउंट (दूसरों के नाम पर बैंक खाते) खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे, जिनमें ठगी की रकम मंगवाई जाती थी। केवल 19 लाख रुपये ही नहीं, बल्कि अन्य कई खातों की भी जानकारी मिली है, जिनमें लगभग 98 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल फोन और करीब 22 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। एसपी के अनुसार, ये आरोपी साइबर ठगों से कुल रकम का लगभग 2 प्रतिशत कमीशन लेते थे।

पुलिस का मानना है कि यह एक बड़े साइबर गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जिसकी जड़ें अन्य जिलों और राज्यों तक फैली हो सकती हैं। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच जारी है।

जिले की साइबर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसपी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *