जोगबनी (अररिया), 30 जुलाई : नेपाल के सुनसरी जिले में हुए सांप्रदायिक झड़प/दंगे के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) एवं नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बीसीपी गेट, जोगबनी स्थित “एफ” समवाय के कार्यक्षेत्र में शाम 5:30 बजे से 6:10 बजे तक आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता 56वीं वाहिनी एसएसबी, बथनाहा के द्वितीय कमान अधिकारी (कमांडिंग ऑफिसर) नितिन कुमार गुप्ता ने की।
बैठक में एसएसबी की ओर से नितिन कुमार गुप्ता, 52वीं वाहिनी अररिया के द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, “एफ” समवाय जोगबनी के प्रभारी निरीक्षक सामान्य हरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एपीएफ नेपाल की ओर से मोरंग के एसपी गैहेन्द्र कुमार भण्डारी, रानी (मोरंग) के डीएसपी तिलक खड्का तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान नेपाल के सुनसरी एवं मोरंग जिलों की वर्तमान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। दोनों देशों के अधिकारियों ने उपद्रवियों की पहचान एवं उनकी आवाजाही पर रोक लगाने, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों की पहचान, अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण तथा संयुक्त गश्ती को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
इसके अलावा सीमा सुरक्षा, दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच सूचनाओं एवं आसूचना के आदान-प्रदान, सीमा पार होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए निरंतर संपर्क और संयुक्त प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

















