• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जोगबनी सीमा पर नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
Image

अररिया/ जोगबनी सीमा पर नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी ने की कार्रवाई, कोडीन सिरप सहित 1215 कैप्सूल-टैबलेट जब्त

जोगबनी (अररिया), 29 सितंबर 2026: भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा की एफ समवाय जोगबनी के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवाओं की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 28 सितंबर की सुबह टीकूलिया बस्ती में सीमा स्तंभ संख्या 180 के समीप भारतीय क्षेत्र में की गई।

एसएसबी के अनुसार, जवान करीब 6:40 बजे नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से कोडीन युक्त सिरप, कैप्सूल और टैबलेट सहित अन्य सामान बरामद किए गए।

एसएसबी ने बताया कि बरामद सामग्री में ESKUF कोडीन युक्त सिरप की 40 बोतलें, SPASMO-PROXYVON PLUS के 575 कैप्सूल तथा NITRACARE की 600 टैबलेट शामिल हैं। इसके अलावा नेपाली मुद्रा के 1,000 रुपये के 10 नोट, एक OPPO एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पुरानी साइकिल भी जब्त की गई।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मो. लालू (35 वर्ष), पिता मो. इदरीस, निवासी हाजी मोहल्ला, जोगबनी, जिला अररिया के रूप में हुई है। एसएसबी के अनुसार, उसकी भारतीय नागरिकता की पुष्टि आधार कार्ड से हुई।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह प्रतिबंधित दवाओं की खेप को सीमा पार पहुंचाने के लिए कैरियर के रूप में काम कर रहा था। एसएसबी के अनुसार, उसने दवाएं बथनाहा निवासी सज्जाद से लेकर नेपाल में दिलीप चौधरी तक पहुंचाने की बात कही है।

एसएसबी ने जब्त दवाओं, मोबाइल, साइकिल एवं अन्य सामान के साथ गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जोगबनी थाना पुलिस को सौंप दिया है।

एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बल की ओर से लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *