जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कार्यक्षेत्र अंतर्गत आईसीपी जोगबनी में बुधवार को एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दुहन (भा.प्र.से.) ने की।
बैठक में भारतीय पक्ष से पुलिस अधीक्षक अररिया जितेंद्र कुमार (भा.पु.से.), कमांडेंट 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा जनार्दन मिश्रा, एडीएम अररिया अनिल कुमार झा, एसडीएम फारबिसगंज अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ फारबिसगंज मुकेश कुमार साह सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
नेपाल की ओर से मोरंग के सीडीओ युवराज कटेल, सुनसरी के सीडीओ घनश्याम नेउपानी, एपीएफ सुनसरी के एसपी श्याम कुमार कारकी, एपीएफ मोरंग के एसपी घनेन्दर बहादुर भंडारी, नेपाल पुलिस मोरंग के डीएसपी कपिल चुडल तथा सुनसरी के एसपी केशव कुमार थेबे सहित सुरक्षा एजेंसियों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी। विशेष रूप से अतिक्रमण की समस्या के समाधान, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की सूचनाओं के साझा करने पर जोर दिया गया।
दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पर नियमित संयुक्त गश्त को और सुदृढ़ करने, बिना वैध दस्तावेज के किसी भी तीसरे देश के नागरिक के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए समन्वित कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही सीमा स्तंभों की सुरक्षा एवं रखरखाव, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके बारे में त्वरित सूचना आदान-प्रदान, तथा सीमा चौकी स्तर पर बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में दोहरी नागरिकता और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।

















