SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कार जब्त, सोनापुर क्षेत्र में विशेष नाका अभियान के दौरान बड़ी सफलता
जोगबनी (अररिया), 4 सितंबर 2026 : भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 180 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक कार जब्त की है। गांजे की भारी खेप को नेपाल की ओर से कार के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर 56वीं वाहिनी के ‘एफ’ समवाय जोगबनी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 3 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे विशेष नाका अभियान चलाया। कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 182 के समीप सोनापुर क्षेत्र में भारतीय सीमा के लगभग 1.8 किलोमीटर अंदर की गई।
अभियान के दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की मारुति सुजुकी Dzire VXI कार (BR 38 Q 5406) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर काली पॉलिथीन में पैक किए गए गांजे के छह बंडल बरामद हुए। इन बंडलों में कुल 180 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी पुष्टि मादक पदार्थ जांच किट के माध्यम से की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के चार कार्मिकों के अलावा बथनाहा थाना के थानाध्यक्ष एसआई राजीव कुमार, बीएचजी नंद किशोर और डीएपी मनीष कुमार शामिल थे।
जब्त कार और 180 किलोग्राम गांजे को अग्रिम कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बथनाहा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
SSB की 56वीं वाहिनी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार विशेष अभियान चला रही है।

















