फारबिसगंज (अररिया), 3 जुलाई : 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा एवं बिहार पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से भारी मात्रा में विदेशी शराब, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 जुलाई 2026 को 56वीं वाहिनी एसएसबी, बथनाहा के कार्यक्षेत्र “बी” समवाय डुबाटोला अंतर्गत सीमा चौकी आमगाछी के क्षेत्र में स्थित ग्राम कुकुरवा में सीमा स्तंभ संख्या-174 के निकट भारत की ओर लगभग 1.7 किलोमीटर अंदर संयुक्त विशेष गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 300 मिलीलीटर की उमंगा ब्रांड की 60 बोतल, 500 मिलीलीटर की गोरखा स्ट्रॉन्ग बीयर की 12 बोतल, 375 मिलीलीटर की मैकडॉवेल्स की 12 बोतल तथा 750 मिलीलीटर की मैकडॉवेल्स की 3 बोतल बरामद की गई। इसके अलावा एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR38S1132) एवं एक रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिलखुश कुमार यादव (22 वर्ष), पिता– सत्यनारायण यादव, निवासी ग्राम सोनमनी गोदाम (कुकुरवा), वार्ड संख्या-05, थाना सोनामनी गोदाम, जिला अररिया के रूप में हुई है। वह भारत की ओर जा रहा था, तभी संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
एसएसबी एवं बिहार पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी तथा जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सोनामनी गोदाम को सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा सीमा क्षेत्र में निगरानी और अधिक सुदृढ़ की जा रही है।

















