• Home
  • मुजफ्फरपुर
  • मुजफ्फरपुर/ संजय कुमार अम्बष्ट ‘कलम के जादूगर रामवृक्ष बेनीपुरी सम्मान’ से हुए सम्मानित
Image

मुजफ्फरपुर/ संजय कुमार अम्बष्ट ‘कलम के जादूगर रामवृक्ष बेनीपुरी सम्मान’ से हुए सम्मानित

मुजफ्फरपुर (19 अप्रैल, 2026) : स्थानीय नवयुवक समिति ट्रस्ट सभागार में काव्य हिन्दुस्तान अंतरराष्ट्रीय साहित्य समूह के तत्वावधान में एक भव्य कवि सम्मेलन, सम्मान समारोह एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए साहित्यकारों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रख्यात साहित्यकार रामवृक्ष बेनीपुरी के जीवन एवं कृतित्व पर विचार-विमर्श किया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. राजीव रंजन (बेनीपुरी जी के नाती) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार साह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं संस्था की राष्ट्रीय संयोजक प्रो. पुष्पा गुप्ता ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें छंदों के विद्वान डॉ. बिनोद कुमार हँसोड़ा ने अपनी प्रस्तुति से वातावरण को भावविभोर कर दिया। मंच संचालन एवं स्वागत गीत राष्ट्रपति एवं राज्यपाल से सम्मानित डॉ. मीना कुमारी परिहार ने किया, जबकि सरस्वती वंदना सुप्रिया सोनी द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसकी श्रोताओं ने भरपूर सराहना की।

इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, पर्यावरण एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अभिनेता एवं लेखक संजय कुमार अम्बष्ट को प्रतिष्ठित ‘कलम के जादूगर रामवृक्ष बेनीपुरी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र, माला एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि श्री अम्बष्ट को पूर्व में भी कला, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अनेक राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं तथा वे वर्तमान में मधुबनी में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं।

कार्यक्रम में लगभग 50 साहित्यकारों एवं 10 पत्रकारों को भी अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया।

द्वितीय सत्र में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका संचालन उमेश राज ने किया। इस सत्र में डॉ. हरि किशोर प्रसाद सिंह, सत्येन्द्र कुमार ‘सत्यन’, सुप्रिया सोनी, उमेश राज, डॉ. मीना परिहार, जगदीश शर्मा, रामवृक्ष राम चकपुरी, डॉ. बिनोद हँसोड़ा, मिंटू कुमार झा, प्रमोद नारायण मिश्र, प्रिय रंजन किशोर प्रसाद, उत्तम कुमार शर्मा, डॉ. सिगबतुल्लाह हमीदी, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद (आरा), प्रेम कुमार वर्मा, प्रो. देवव्रत अकेला, मीरा भारती, डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा, रामेश्वर भोजपुरिया, रघुनाथ मुहब्बतपुरिया, कृष्ण कुमार, अजीत कुमार, प्रो. पुष्पा गुप्ता एवं संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा शर्मा सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष उत्तम कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में संस्था की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा शर्मा ‘स्नेहा’ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *