✍️ राहुल रंजन, फारबिसगंज (अररिया)
अररिया : जिले में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, अररिया से जागरूकता प्रचार रथ को रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अररिया गुंजन पांडे ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों को रवाना किया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से व्यवहार न्यायालय, अररिया परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का त्वरित और आपसी समझौते के आधार पर निपटारा करने का लक्ष्य रखा गया है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में आम लोगों को जागरूक करने तथा अधिकाधिक मामलों के निष्पादन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को दोपहर 1:35 बजे व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता प्रचार रथ को रवाना किया गया। ये प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व, सुलभ एवं त्वरित न्याय की प्रक्रिया तथा समझौते के आधार पर मामलों के निपटारे की जानकारी देंगे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा। इनमें सुलहनीय आपराधिक वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, समझौता योग्य यातायात चालान, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल से जुड़े विवाद, पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण मामले, सेवा एवं पेंशन से संबंधित मामले, उपभोक्ता वाद, बौद्धिक संपदा अधिकार वाद सहित अन्य दीवानी मामलों का समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित श्रीवास्तव, सीजेएम अमरेंद्र प्रसाद, न्यायाधीश संतोष कुमार गुप्ता, न्यायाधीश शेफाली नारायण सहित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















