पंचकूला : 77वें राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए विश्वास फाउंडेशन को विशेष पहचान मिली। पंचकूला सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह के दौरान हरियाणा के माननीय महामहिम राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने संस्था को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला प्रशासन, पंचकूला द्वारा आयोजित इस समारोह में विश्वास फाउंडेशन को यह सम्मान गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से वर्षों से किए जा रहे मानव सेवा कार्यों के लिए दिया गया। सम्मान ग्रहण करने के लिए फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास, ऋषि सरल विश्वास एवं मंजूषा ढींगरा उपस्थित रहीं।
विश्वास फाउंडेशन बीते दो दशकों से समाज के विभिन्न वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्ष 2004 से नियमित रक्तदान शिविरों का आयोजन, मोबाइल ओपीडी वैन के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण, टीबी मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराना, पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण, जरूरतमंदों को कंबल वितरण, भंडारा एवं राहत सेवाएं—इन सभी कार्यों ने फाउंडेशन को एक भरोसेमंद सामाजिक संस्था के रूप में स्थापित किया है।
सम्मान प्राप्त होने पर संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल संस्था की नहीं, बल्कि उन सभी स्वयंसेवकों और सहयोगियों की है, जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हैं। उन्होंने भविष्य में भी सेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया।















