बथनाहा/जोगबनी (अररिया) : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा द्वारा दिनांक 08 मार्च 2026 को विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे जोगबनी स्थित बीसीपी गेट से साइकिल रैली के साथ हुई। जोगबनी की मुख्य पार्षद रानी देवी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रैली बीसीपी गेट जोगबनी से आईसीपी गेट जोगबनी तक निकाली गई, जिसमें महिला अधिकारियों एवं महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके उपरांत प्रातः 8:30 बजे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सोनापुर के प्रांगण में योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय की छात्राओं एवं महिला कार्मिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

दोपहर 11:00 बजे से ‘डी’ कंपनी कुशमाहा के कार्यक्षेत्र बघुवा में 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा तथा जागरण कल्याण भारती के संयुक्त तत्वावधान में महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नरपतगंज की विधायक देवन्ती यादव थीं। इस अवसर पर कमांडेंट शाश्वत कुमार (भा.पु.से.) ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद जोगबनी रानी देवी, जेनिथ पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल कविता खान, उप-कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. तसनीम दोलती, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. लीला, सहायक कमांडेंट राशि भारद्वाज, उप निरीक्षक (सामान्य) सुहानी शर्मा सहित फारबिसगंज अनुमंडल की विभिन्न नारी शक्ति से जुड़ी महिलाओं को विधायक महोदया द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेपाल से आए कलाकारों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही कमांडेंट शाश्वत कुमार द्वारा मीडिया कर्मियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप-कमांडेंट मदन मोहन भट्ट, सहायक कमांडेंट अर्जुन अडनूर, महिला कार्मिकों, अन्य बल कर्मियों, स्थानीय ग्रामीण महिलाओं तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
शाम 4:30 बजे स्वास्थ्य केंद्र बथनाहा मुख्यालय में ज़ुम्बा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संदीक्षा परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद शाम 5:05 बजे वाहिनी मुख्यालय के ड्रिल शेड में संदीक्षा उपाध्यक्ष सिंधु संदीक्षा की उपस्थिति में एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान उप-कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. तसनीम दोलती तथा सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. लीला ने पोषण और महिला स्वास्थ्य तथा राष्ट्र के विकास में महिलाओं के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सभी संदीक्षा सदस्यों और महिला बल कार्मिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देकर ही सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि ऐसा भविष्य बनाया जाए जहाँ हर महिला का सपना साकार हो सके।
















