• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जोगबनी रेलवे स्टेशन पर दलालों का दबदबा, यात्रियों की सुरक्षा पर भी उठ रहा सवाल
Image

अररिया/ जोगबनी रेलवे स्टेशन पर दलालों का दबदबा, यात्रियों की सुरक्षा पर भी उठ रहा सवाल

जोगबनी (अररिया/कटिहार मंडल) : भारत- नेपाल सीमा से सटे जोगबनी रेलवे स्टेशन पर इन दिनों अव्यवस्था और दलालों का दबदबा यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही दलाल, ऑटो और टैक्सी चालक प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाते हैं और यात्रियों को जबरदस्ती नेपाल के विभिन्न आंख अस्पतालों में ले जाने का दबाव बनाते हैं।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेन से उतरते ही उन्हें घेर लिया जाता है और कई बार मना करने के बावजूद उन्हें परेशान किया जाता है। खासकर बाहर से आने वाले यात्री इस स्थिति से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

कर्मियों की कमी से जूझ रही सुरक्षा व्यवस्था

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में कर्मी उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण वे पूरी तरह से नियंत्रण नहीं रख पाते। वहीं राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने भी कर्मियों की कमी को अपनी बड़ी समस्या बताया है।

पार्किंग में नेपाली गाड़ियों का कब्जा

स्टेशन परिसर की पार्किंग में बड़ी संख्या में नेपाली नंबर की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन वाहनों का उपयोग भी दलाली गतिविधियों में किया जाता है, जिससे स्थिति और जटिल हो जाती है।

प्लेटफॉर्म पर सवारी लेने पहुंचते हैं ऑटो टैक्सी चालक

ऑटो और टैक्सी चालकों का कहना है कि उन्हें प्लेटफॉर्म तक आने से कोई सख्ती से नहीं रोकता, न ही प्लेटफॉर्म पर न आने के लिए कोई बोर्ड ही लगा हुआ है, जिससे यह अव्यवस्था लगातार बनी हुई है।

परित्यक्त भवन में चल रहा रेल पुलिस कार्यालय

सबसे चिंताजनक बात यह है कि राजकीय रेल पुलिस का कार्यालय एक परित्यक्त भवन में संचालित हो रहा है। इसी जर्जर भवन में जब्त किए गए सामान भी रखे गए हैं, जिससे सुरक्षा और संरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रेल पुलिस का दावा : स्थिति सुधारने का प्रयास जारी

रेल पुलिस का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे स्टेशन की व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।

भारतीय रेल द्वारा उत्पादित “रेल नीर” स्टेशन से है नदारद

रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं पैकेज़्ड पानी उप्लब्ध करवाने हेतु भारतीय रेल ने वर्षों पूर्व “रेल नीर” का उत्पादन शुरू किया था । यह आम पानी की कंपनियों के मुकाबले सस्ता होता है । जोगबनी रेलवे स्टेशन पर “रेल नीर” की उपलब्धता भी नगण्य ही दिखती है ।

यात्रियों की मांग : सख्त कार्रवाई और बेहतर व्यवस्था

यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि दलालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, प्लेटफॉर्म पर बाहरी वाहनों की एंट्री पर रोक लगे और सुरक्षा व सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

जोगबनी जैसे अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े महत्वपूर्ण स्टेशन पर इस तरह की अव्यवस्था न केवल यात्रियों की सुविधा को प्रभावित कर रही है, बल्कि रेलवे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है। कर्मियों की कमी बावज़ूद भी राजकीय रेलपुलिस की सक्रियता से कुछ परेशानियों को दूर किया जा सकता है । बहुत जल्द वीडियो न्यूज़ के माध्यम से सभी समस्याओं को रेलवे प्रशासन और आम जनता के बीच भी रखा जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *