जयपुर / मधुबनी : साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देशभर के प्रतिभाशाली रचनाकारों को सम्मानित करने की दिशा में नव उदय पब्लिकेशन द्वारा आयोजित संत मोराबाई नव उदय साहित्यिक व सांस्कृतिक सम्मान–2025 समारोह का भव्य आयोजन राजस्थान की राजधानी जयपुर में किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में साहित्य, गायन, नृत्य एवं कला के क्षेत्र से विश्वभर की 250 चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में बिहार के मधुबनी जिले से आने वाले साहित्यकार संजय कुमार अम्बष्ट को उनके साहित्यिक योगदान के लिए नव उदय सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नव उदय पब्लिकेशन द्वारा आयोजित साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। सम्मान पत्र के माध्यम से उनके रचनात्मक कार्यों, साहित्य साधना और समाज के प्रति उनके सकारात्मक योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, कलाकारों एवं सांस्कृतिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नवोदित एवं स्थापित रचनाकारों को प्रोत्साहन देना तथा भारतीय साहित्य और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।
सम्मान प्राप्त करने पर संजय कुमार अम्बष्ट ने नव उदय पब्लिकेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ साहित्य सृजन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने इस सम्मान को अपने पाठकों, शुभचिंतकों और साहित्य प्रेमियों को समर्पित किया।
नव उदय पब्लिकेशन के संपादक शिवम जैन ने सम्मानित सभी प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
















