नई दिल्ली, 8 फरवरी 2026 : इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में रविवार को आयोजित International Convention on Human Rights 2026 के दौरान मोहाली के सामाजिक कार्यकर्ता रवि रंजन को NHRCCB National Leadership Award 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज में मानवाधिकारों की रक्षा, जागरूकता और सामाजिक उत्थान से जुड़े उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में देश – विदेश से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, मानवाधिकार प्रतिनिधियों और संस्थागत सदस्यों की उपस्थिति में रवि रंजन के सेवाभावी कार्यों की व्यापक सराहना की गई। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकार संरक्षण एवं अपराध नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
सम्मान समारोह के दौरान संगठन ने रवि रंजन को उनके निरंतर प्रयासों, नेतृत्व क्षमता और सक्रिय सामाजिक कार्यों को देखते हुए विशेष प्रोन्नति प्रदान की। उन्हें मोहाली जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया । समारोह से पूर्व वे मोहाली जिले के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि रवि रंजन की ईमानदारी, समर्पण और सामाजिक न्याय के प्रति संवेदनशीलता उन्हें इस दायित्व के लिए उपयुक्त बनाती है। अध्यक्ष पद की नई जिम्मेदारी के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे जिले में मानवाधिकार जागरूकता और नागरिक हित कार्यक्रमों को और अधिक गति देंगे।
ज्ञात हो कि NHRCCB (National Human Rights and Crime Control Board) द्वारा दिया जाने वाला National Leadership Award देशभर में सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में उत्कृष्ठ योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। रवि रंजन को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का प्रतीक है, बल्कि मोहाली जिले के लिए भी गर्व का विषय है।
रवि रंजन ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि “इस सम्मान को प्राप्त करना मेरे लिए बेहद गर्व और कृतज्ञता का विषय है। समाज सेवा का मार्ग चुनना मेरे जीवन का उद्देश्य रहा है और यह सम्मान उस विश्वास को और मजबूत करता है। मैं उन सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने इस यात्रा में मेरा साथ दिया । मेरे परिवार, सहयोगियों और उन सभी साथियों का, जिनके साथ मिलकर मैंने सामाजिक परिवर्तन के प्रयास किया, उन सबका पुनः आभार।” आगे उन्होंने कहा कि “यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी भी है। मैं आगे भी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुँचने और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करता रहूँगा।”
















