चंडीगढ़ : विश्व पब्लिक स्कूल, मौली जागरा में होंडा कंपनी की ओर से ट्रैफिक रोड सेफ्टी अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित यातायात की जानकारी देना था।
इस अवसर पर होंडा कंपनी के जनरल मैनेजर रंजय तथा रोड सेफ्टी ट्रैफिक असिस्टेंट राइडर इंस्ट्रक्टर विकास कुमार ने बच्चों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, यातायात नियमों का पालन करने तथा दुर्घटनाओं से बचने के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए समझाया कि सड़क पार करते समय, साइकिल या दोपहिया वाहन चलाते समय तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना क्यों आवश्यक है।
कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। होंडा कंपनी की ओर से सभी बच्चों को सेफ्टी किट तथा अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई, जिससे वे सड़क सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक हो सकें।
विद्यालय के प्रिंसिपल अच्छे लाल ने अपने संबोधन में कहा कि जब हम सुबह उठकर अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेते हैं, तो वे हमारी लंबी आयु की कामना करते हैं। इसलिए हमें भी अपने जीवन की सुरक्षा के लिए सड़क पर चलते समय हमेशा सावधान और जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी तथा होंडा कंपनी के जनरल मैनेजर रंजय और उनकी टीम का इस जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया।
















