सुरक्षा व सामाजिक सुधार पर दिया गया जोर
नरपतगंज (अररिया) : 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र घुरना स्थित बाह्य सीमा चौकी पर शनिवार को एक प्रभावी जन-जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रक मुख्यालय स.सी.ब. पूर्णिया के कमांडेंट जनार्दन मिश्रा ने की।
बैठक के दौरान सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कमांडेंट मिश्रा ने विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से आगाह करते हुए ‘सूखे नशे’ के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त की और समाज को नशा मुक्त बनाने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा बलों को दें। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में स्थानीय लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। प्रमुख मांगों में क्षेत्र में दमकल केंद्र की स्थापना, अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार, नेपाल-भारत के पारिवारिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए विवाह समारोहों के दौरान आवागमन में सहूलियत, सुरसर नदी पर पुल निर्माण, बेहतर बिजली आपूर्ति तथा सीमा क्षेत्र में कृषि कार्यों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश शामिल रहे।
कमांडेंट मिश्रा ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यथासंभव समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
इस अवसर पर समवाय प्रभारी सुशील कुमार उपाध्याय सहित एसएसबी के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। बैठक में दर्जनों स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

















