मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही थीं सिरप की बोतलें, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पवन कुमार कर्ण, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया), 25 अक्टूबर : जोगबनी थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान कोडीनयुक्त कफ सिरप की 50 बोतलें बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को गश्ती एवं वाहन जांच के क्रम में मीरगंज की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान मोटरसाइकिल पर रखे थैले से एस्कुफ कफ सिरप की 50 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल में 100 मिलीलीटर सिरप होने की जानकारी दी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी
मामले में जोगबनी थाना कांड संख्या 325/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अभिलेख के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बरामद सामग्री की जब्ती सूची तैयार की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार युवकों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

















