• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जोगबनी में पुलिस-SSB की संयुक्त कार्रवाई, 27 किलो गांजा बरामद; पांच तस्कर गिरफ्तार
Image

अररिया/ जोगबनी में पुलिस-SSB की संयुक्त कार्रवाई, 27 किलो गांजा बरामद; पांच तस्कर गिरफ्तार

मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)

जोगबनी (अररिया), 16 अक्टूबर 2026 : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोगबनी थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को मीरगंज से आईसीपी जोगबनी जाने वाले मार्ग पर सोनी ईंट भट्ठा के समीप छापेमारी कर टीम ने 27 किलोग्राम गांजा बरामद किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

बाइक पर बंडल लेकर पहुंचे थे संदिग्ध

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त गश्ती दल शुक्रवार को क्षेत्र में निगरानी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति काले रंग के बंडल के साथ दिखाई दिए, जबकि तीन अन्य संदिग्ध व्यक्ति पास में खड़े थे। सुरक्षा बलों को देखते ही आरोपियों ने मोटरसाइकिल पर रखा बंडल फेंककर भागने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्क संयुक्त टीम ने पीछा कर पांचों को पकड़ लिया।

इसके बाद फेंके गए दो बंडलों की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 27 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। टीम ने तस्करी में कथित रूप से इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (नंबर BR 38AJ 0203) और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के संतोष कुमार (30), पिता बदरी साह, निवासी मानपुर गोड़ियारी, थाना भर्राही बाजार; पप्पू कुमार साह (28), पिता लखन साह, निवासी वार्ड संख्या-04, थाना मधेपुरा; तथा छेदी कुमार (21), पिता अरविन्द मुखिया, निवासी मानपुर गोड़ियारी, थाना भर्राही बाजार के रूप में हुई है।

वहीं, अररिया जिले के जोगबनी थाना क्षेत्र के बिशनपुर वार्ड संख्या-06 निवासी अनिल कुमार यादव (23), पिता टुनटुन यादव, और बैजनाथ कुमार यादव (23), पिता देवनारायण यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

इस मामले में जोगबनी थाना कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम में ये अधिकारी और जवान रहे शामिल

कार्रवाई में जोगबनी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धन प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक विष्णु कांत, सियाराम महतो, मुकेश कुमार और रविराज सहित गृह रक्षक विपिन कुमार उरांव एवं चंद्रशेखर कुमार पासवान तथा सिपाही अंकित कुमार, आशिष रंजन और रोहित कुमार शामिल थे। इसके अलावा 56वीं वाहिनी एसएसबी के एफ समवाय जोगबनी के अधिकारी एवं जवान भी संयुक्त कार्रवाई में मौजूद रहे।

सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *