News4All

Latest Online Breaking News

चंडीगढ़/ आज पंजाब राजभवन में होगी “मन की बात” के 100वें एपिसोड की स्पेशल स्क्रीनिंग

पंजाब के माननीय राज्यपाल, श्री बनवारीलाल पुरोहित इस कार्यक्रम का करेंगे उद्घाटन

विशेष कार्यक्रम में 4 नागरिक, जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री द्वारा “मन की बात” के विभिन्न एपिसोड में किया है, के साथ साथ 400 से अधिक प्रतिष्ठित व्यक्ति कार्यक्रम में लेंगे भाग

 

चंडीगढ़ : प्रसार भारती आज चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन कर रहा है। विशेष स्क्रीनिंग का उद्घाटन पंजाब के माननीय राज्यपाल और चंडीगढ़ (यूटी) के प्रशासक श्री बनवारीलाल पुरोहित द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधान मंत्री के मासिक रेडियो प्रसारण की निरंतर सफलता को चिह्नित करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा जो पूरे भारत में 100 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुका है।

3 अक्टूबर, 2014 को अपनी शुरूआत के बाद से, ‘मन की बात’ एक राष्ट्रीय परंपरा बन गई है, जिसमें प्रधानमंत्री हर महीने राष्ट्र को संबोधित करते हैं, और लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। इसने भारत के नागरिकों के साथ एक संबंध स्थापित किया है जो हर महीने अपने प्रधान सेवक के पास पहुँचते हैं, और अपनी उपलब्धियों, चिंताओं, खुशी और गर्व के क्षणों के साथ-साथ नए भारत के सुझावों को साझा करते हैं।

सूचना एवम् प्रसारण मंत्रालय की मीडिया यूनिट, केंद्रीय संचार ब्यूरो, चंडीगढ़ उसी स्थान पर मन की बात पर एक प्रदर्शनी लगाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन भी माननीय राज्यपाल श्री बनवारीलाल पुरोहित द्वारा ही किया जाएगा।

राज्य के विभिन्न हिस्सों से चार (4) सम्मानित नागरिक जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री द्वारा “मन की बात” के विभिन्न एपिसोड में किया गया है, वे भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान की प्रधान मंत्री ने अपने प्रसारणों में सराहना की है। आमंत्रित किए गए 400 लोगों में पारंपरिक कला, संस्कृति और शिल्प को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति और वे लोग शामिल हैं जिन्होंने कोविड के समय में देश को अथक रूप से समर्थन दिया, जो वंचित नागरिकों का समर्थन कर रहे हैं, जिन्होंने समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए अभिनव समाधान प्रदान किए हैं, आदि।

पृष्ठभूमि

प्रधानमंत्री के मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर, 2014 (शुक्रवार) को विजयादशमी के शुभ अवसर पर प्रसारित किया गया था। अप्रैल 2015 से मन की बात हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित की जाती है और 99वें एपिसोड का नवीनतम प्रसारण 26 मार्च, 2023 को किया गया था। इसे दूरदर्शन द्वारा पूरे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाता है। इसे दूरदर्शन पर सांकेतिक भाषा में भी प्रसारित किया जाता है। मन की बात के 100वें एपिसोड का प्रसारण 30 अप्रैल, 2023 को होना है।

मन की बात का पहला एपिसोड 14 मिनट का था, जबकि इसकी अवधि दूसरे एपिसोड में 19 मिनट और तीसरे एपिसोड में 26 मिनट की रही। चौथे एपिसोड के बाद से प्रत्येक एपिसोड की अवधि 30 मिनट की है। शुरुआत में प्रसारण केवल हिंदी में था और बाद में अंग्रेजी संस्करण 31 जनवरी, 2016 से और संस्कृत संस्करण 28 मई, 2017 से प्रारंभ हुआ। वर्तमान में मन की बात का प्रसारण अंग्रेजी के साथ 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी, 29 बोलियों (25 पूर्वोत्तर और 4 छत्तीसगढ़ से) और 11 विदेशी भाषाओं में होता है। भारतीय भाषाओं में हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मराठी, गुजराती, मलयालम, उड़िया, कोंकणी, नेपाली, कश्मीरी, डोगरी, मणिपुरी, मैथिली, बंगाली, असमिया, बोडो, संथाली, उर्दू और सिंधी शामिल हैं। बोलियाँ छत्तीसगढ़ी, गोंडी, हल्बी, सरगुजिया, पहाड़ी, शीना, गोजरी, बलती, लद्दाखी, कार्बी, खासी, जयंतिया, गारो, नगामेसे, हमार, पैते, थडौ, कबुई, माओ, तांगखुल, न्यिशी, आदि, मोनपा, आओ, अंगामी, कोकबोरोक, मिजो, लेप्चा और सिक्किमी (भूटिया) हैं और विदेशी भाषाओं में फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल है ।