चंडीगढ़, 26 जनवरी 2026 : ई.एस.आई.सी. एम्प्लॉइज रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा ई.एस.आई.सी. कॉलोनी, सेक्टर 30A में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक भव्य और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कॉलोनी के निवासियों, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के लिए आयोजित कला गतिविधि से हुई। फेविक्रिल की विशेषज्ञ पीयूषा प्रियदर्शनी के मार्गदर्शन में बच्चों ने चित्रों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर तरुणा मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय निदेशक पंकज वोहरा और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II गुलशन राम भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और तिरंगा रन को हरी झंडी दिखाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तिरंगा रन रहा, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते बच्चों ने पूरे परिसर को जोश और देशभक्ति के रंगों से भर दिया। इसके बाद बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में आदित्य बिरला समूह की ज्वेलरी ब्रांड ‘इंद्रिया’ द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। महिलाओं और बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
अपने संबोधन में डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। बच्चों की भागीदारी इस आयोजन को और भी खास बनाती है। वहीं पंकज वोहरा ने कहा कि यह पर्व देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। गुलशन राम ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों और बच्चों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन दीक्षा ने किया।
इस अवसर पर उप प्रधान, कुमार रविशंकर, संयुक्त सचिव, हरजीत सिंह, संयोजक, विकास लखचौरा, गौरव नंदा, कार्यकारिणी सदस्य, निखिल वर्मा, मानसी , विपुल रैना, एसिक कार्मिक संघ के प्रधान तीर्थ राय, अशोक चौधरी, नरेंद्र कटोच, सुरेंद्र सिंह, संजय कुमार, सोनिया गिल, ज्योति, रेखा, अमनप्रीत कौर, सुमन शर्मा, यश वर्मा, शशि, कीर्तिका शर्मा, पवन शर्मा, मन्सा राम, रोहित खुराना, सागर कंठ, अमित बहादुर, दिव्यम, जसप्रीत सिंह, अमित भाटिया सहित अनेक लोग उपस्थित रहे ।















