चंडीगढ़ : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर पीजीआई, के कंटिन्यूइंग नर्सिंग एजुकेशन (CNE) सेल और क्लीनिकल हीमैटोलॉजी एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग (CHMO) द्वारा “ऑन्कोलॉजी नर्सिंग एक्सीलेंस: यूनाइटेड बाय यूनिक” शीर्षक से एक शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 100 से अधिक नर्सिंग कर्मियों ने भाग लिया।
इस पहल का उद्देश्य नर्सिंग स्टाफ में कैंसर की रोकथाम, शुरुआती जांच, उपचार पद्धतियों तथा मरीजों की समग्र देखभाल से संबंधित ज्ञान और दक्षता को बढ़ाना था।
सत्रों में कैंसर से जुड़े मिथक, मरीज परामर्श, उपचार के दुष्प्रभावों का प्रबंधन, और करुणा-आधारित नर्सिंग प्रैक्टिस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए डॉ. विपिन कौशल, मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं विभागाध्यक्ष, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, ने कहा कि “नर्सें कैंसर केयर की रीढ़ हैं। निरंतर प्रशिक्षण उन्हें न सिर्फ बेहतर क्लीनिकल कौशल देता है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।”
डॉ. पंकज मल्होत्रा, विभागाध्यक्ष, CHMO, ने कहा कि कैंसर उपचार में तेज़ी से हो रहे बदलावों के साथ नर्सिंग को भी उन्नत प्रशिक्षण की आवश्यकता है। आगे उन्होंने कहा कि “प्रशिक्षित नर्सें मरीज की सुरक्षा, उपचार अनुपालन और परिणामों में महत्वपूर्ण सुधार लाती हैं”।
शैक्षणिक सत्रों में जहां डॉ. लक्ष्य त्यागी ने कैंसर की रोकथाम व स्क्रीनिंग पर जानकारी दी वहीं शुभम, मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर, ने मरीजों के लिए उपलब्ध योजनाओं और सहायता सेवाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही डॉ. रेखा रानी नार, नर्स एजुकेटर, ने ऑन्कोलॉजी दवाओं के सुरक्षित प्रबंधन पर चर्चा की, लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) नवीन यादव ने कैंसर उपचार के दीर्घकालिक दुष्प्रभावों पर जानकारी दी एवं सुनील कुमार, नर्स एजुकेटर, ने संवेदनशील संचार (एम्पैथी-बेस्ड कम्युनिकेशन) पर सत्र लिया।
इसके बाद एक बहु-विषयक पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें प्रो. पंकज मल्होत्रा, प्रो. गौरव प्रकाश, डॉ. नैन्सी साहनी (चीफ डाइटीशियन) और श्रीमती ज्योति बाला (सीनियर नर्सिंग ऑफिसर) शामिल थे। इस चर्चा का संचालन डॉ. नवनीत ढालीवाल, अतिरिक्त प्रोफेसर एवं ज्वाइंट मेडिकल सुपरिटेंडेंट, ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. नवनीत ढालीवाल ने कहा कि
“नर्सों को संरचित शिक्षा प्रदान करना मरीज-केन्द्रित, नैतिक और करुणामय कैंसर देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यक्रम पीजीआईएमईआर की मजबूत स्वास्थ्य सेवा टीम बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
पूरे कार्यक्रम का संचालन CNE सेल की नर्स एजुकेटर टीम के मीनाक्षी व्यास, अचला अग्रवाल, सुनील कुमार और डॉ. रेखा ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन में किया।
कार्यक्रम का समापन आशा, जागरूकता और कैंसर के खिलाफ सामूहिक प्रयास के संदेश के साथ हुआ, जो विश्व कैंसर दिवस की भावना और पीजीआईएमईआर की उत्कृष्ट कैंसर देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।















