News4All

Latest Online Breaking News

चंडीगढ़/ एनआरआई सुदर्शन गर्ग का महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य स्वागत

डॉ विनोद शर्मा और स्टाफ ने बुके देकर किया स्वागत

महर्षि दयानंद सरस्वती पर सोमेश गुप्ता ने किए भजन प्रस्तुत : विद्यार्थियों ने गाये स्वागत गीत

चंडीगढ़ : महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया, चंडीगढ़ ने शिकागो, अमेरिका से पधारे एनआरआई सुदर्शन गर्ग का भव्य स्वागत किया। स्कूल का स्टाफ और सभी विद्यार्थी बड़े ही उत्साहित थे। स्कूल को रंगोली, लड़ियों, रंगो और आर्ट एंड क्राफ्ट से सजाया गया था।

एनआरआई गर्ग के स्कूल पधारते ही प्रिंसिपल डॉक्टर विनोद शर्मा ने स्टाफ और बच्चों की उपस्थिति में बुके एवं गायत्री मंत्र का अंग वस्त्र देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। डांस करते हुए स्कूल के विद्यार्थी उन्हें श्रीमती सिकंदरा देवी मल्टीमीडिया हॉल ले गए। विद्यार्थियों ने एनआरआई घर के आगमन पर उन्हें ग्रीटिंग कार्ड्स भेंट किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध भजन गायक सोमेश गुप्ता ने महर्षि दयानंद सरस्वती पर मधुर भजन- सोई कौम को जगाया ऋषि दयानंद ने प्रस्तुत किया। तत्पश्चात भिन्न-भिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत गाये। स्कूल के टीचर्स ने एनआरआई गर्ग पर लेख एवं रचनाएं प्रस्तुत कीं। हिंदी की अध्यापिका किरण प्रभा ने अपनी आकर्षक रचना प्रस्तुत की जिस पर हर किसी ने तालियां बजायीं। कई विद्यार्थियों ने एनआरआई गर्ग पर स्वयं लिखित कविताएं पेश की। सीनियर कक्षाओं की छात्राओं ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

विश्व आर्य युवा शक्ति के संस्थापक अशोक आर्य ने आर्य समाज के नियमों पर अपने उद्गार रखे। उन्होंने बच्चों में देशभक्ति की भावना भरते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के पथ का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

एनआरआई सुदर्शन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा सही मायनों में मनुष्य का उत्थान करती है। शिक्षित व्यक्ति अपने जीवन के मूल्यों को समझता है और अपने गंतव्य को हासिल करता है। उन्होंने बताया कि सादा जीवन बिताकर और ऊंचे विचार रखकर असहाय लोगों की सेवा करना ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को नगद पारितोषिक भी दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सभी बच्चों और स्टाफ के लिए दिवाली से पूर्व पार्टी आयोजित की जाएगी। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी को दिवाली पर उपहार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गरीब बच्चों के लिए निशुल्क अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा जिसका खर्चा वे खुद वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्कूल के फर्नीचर की उपलब्धता पर ध्यान दिया जाएगा।

स्कूल की वाइस प्रिंसिपल अंजू मोदगिल ने उपस्थित गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया।