News4All

Latest Online Breaking News

चंडीगढ़/ योगेश बहादुर खुरानिया ने सीमा सुरक्षा बल की पश्चिम कमान के विशेष महानिदेशक का संभाला पदभार

चंडीगढ़ : योगेश बहादुर खुरानिया, भा0पु0सेवा ने दिनांक 04 सितंबर 2023 को विशेष महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल का पदभार संभाला। इनका स्थानांतरण बल मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल, नई दिल्ली से मुख्यालय विशेष महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल, पश्चिम कमान, चण्डीगढ में हुआ है। बल मुख्यालय में ये विशेष महानिदेशक (आपरेशन) का कार्यभार संभाल रहे थे।

ज्ञात हो कि वाय बी खुरानिया, भा0पु0सेवा, 1990 बैच के ओडिशा कैडर के अधिकारी हैं। ये राउरकेला, मयूरभंज, गंजाम एवं ओडिशा के कई अन्य जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक सेवाएं दे चुके हैं। उप महानिरीक्षक/ महानिरीक्षक के रूप में पदोन्नत होने पर, इन्होंने भुवनेश्वर रेन्ज के उप महानिरीक्षक/ महानिरीक्षक, दक्षिण रेन्ज बेरहामपुर एवं उत्तरी रेन्ज सम्बलपुर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा, इन्होंने महानिरीक्षक आपरेशन, पुलिस कमिश्नर भुवनेश्वर, कटक एवं विशेष महानिदेशक, राज्य सतर्कता के पद पर भी सेवाएं प्रदान की हैं।

अधिकारी वर्ष 2018 में प्रतिनियुक्ति पर सीमा सुरक्षा बल में नियुक्त हुए। सीमा सुरक्षा बल में अपने कार्यकाल के दौरान, इन्होंने महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय दक्षिण बंगाल, महानिरीक्षक (कार्मिक निदेशालय) बल मुख्यालय, अपर महानिदेशक सीमा सुरक्षा बल, पूर्वी कमान, कोलकाता एवं विशेष महानिदेशक आपरेशन, बल मुख्यालय नई दिल्ली में पदस्थ रहकर कार्यभार संभाला।

श्री खुरानिया, भा0पु0सेवा/ विशेष महानिदेशक को अपनी सेवाकाल के दौरान राज्यपाल पदक, सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक जैसे कई पदकों से सम्मानित किया जा चुका है ।